उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होने के साथ अगले 48 घंटों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 2 जुलाई को सभी 13 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होते ही मौसम ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है, जिससे अगले 48 घंटे पूरे प्रदेश के लिए बेहद भारी पड़ सकते हैं। दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई जिलों में भारी से भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वही 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 2 जुलाई को प्रदेश के सभी 13 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली समेत पूरे प्रदेश में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इतना ही नहीं बल्कि, मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और खराब मौसम में यात्रा टालने की सलाह दी है। कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। साथ ही बारिश के खतरे को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों, पुलिस, SDRF, NDRF और संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। राहत और बचाव दलों की तैनाती, कंट्रोल रूम की निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।

इसी बीच आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 2 जुलाई को राज्य के सभी 13 जिलों में मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। वही प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करे।