नाबालिग से गैंगरेप घटना को लेकर रामनगर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर आरोपियों पर कार्रवाई और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार से जवाब मांगा
रामनगर में महिला सुरक्षा और चंपावत में नाबालिग से गैंगरेप की घटना को लेकर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। दरअसल, लखनपुर चुंगी पर युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
वही प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जहां बड़ी संख्या में मौजूद यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
इसी बीच यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुमित लोहनी ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा लगातार सवालों के घेरे में है, साथ ही मांग उठाई कि जिस भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पर आरोप लगे हैं, उसे तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाए और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए और किसी भी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
वही युवा कांग्रेस ने साफ कहा कि जब तक पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।