उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 5 जुलाई से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। दरअसल, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, पिछले दो दिनों की तुलना में बारिश की रफ्तार फिलहाल कुछ कम रही है, लेकिन 5 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होगा और कई जिलों में तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
इसी क्रम में शनिवार यानी 4 जुलाई को पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और नैनीताल सहित पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज गर्जन और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 5 जुलाई से देहरादून, टिहरी, चमोली, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर समेत कई जिलों में बारिश का असर और बढ़ेगा। इसके अलावा 6 और 7 जुलाई को भी नैनीताल, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।