पौड़ी में घास लेने गई महिला को गुलदार ने मौत के घाट उतार दिया। कुछ घंटों बाद वन विभाग की टीम ने हमलावर गुलदार को मार गिराया, ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
जंगल से घास लेने गई एक महिला को शायद अंदाजा भी नहीं था कि ये उसका आखिरी सफर साबित होगा। जहां कुछ ही पलों में घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। दरअसल, उत्तराखंड के पौड़ी जिले से आई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पहाड़ों में बढ़ते गुलदार आतंक की तस्वीर सामने ला दी है। बता दे, पौड़ी के कोट ब्लॉक स्थित वाड़ी गांव में 59 वर्षीय प्रभा देवी अपने पुराने मकान के पास घास लेने गई थीं। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटकर एक खंडहरनुमा मकान में ले गया। वही हमले में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि महिला पर हमला करने के बाद भी गुलदार घटनास्थल के आसपास ही मंडरा रहा था, जिससे ग्रामीणों में और डर बढ़ गया। वही वन विभाग ने पहले उसे बेहोश करने की कोशिश की, लेकिन गुलदार लगातार आक्रामक बना रहा। जब शूटर मौके पर पहुंचे तो उसने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। इसके बाद जनसुरक्षा को देखते हुए शूटरों ने उसे मार गिराया। चिंता की बात ये है कि बीते सात महीनों में पौड़ी क्षेत्र में गुलदार के हमलों में सात लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में ग्रामीणों के बीच डर का माहौल बना हुआ है और लोग शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं।