नैनीताल में आबकारी विभाग ने 2025-26 में 319 करोड़ का लक्ष्य 100% हासिल कर रिकॉर्ड बनाया। सख्त निगरानी और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति से मिली इस सफलता के बाद विभाग के सामने 2026-27 में बड़ा टारगेट है।
उत्तराखंड सरकार के लिए ‘कुबेर का खजाना’ कहे जाने वाला आबकारी विभाग इस बार नैनीताल में रिकॉर्ड प्रदर्शन के चलते सुर्खियों में बना हुआ है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग ने 319 करोड़ रुपये का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल कर इतिहास रच दिया है। यह पहली बार है जब जिले ने तय समय के भीतर पूरा टारगेट हासिल किया है ,अगर पिछले साल की बात करें, तो 2024-25 में 321 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले विभाग केवल 299 करोड़ ही जुटा पाया था। लेकिन इस बार पिछली कमी को पूरी तरह दूर करते हुए शानदार वापसी की गई है। अब विभाग के सामने नई चुनौती है। जानकारी क अनुसार शासन ने 2026-27 के लिए 342 करोड़ रुपये का बड़ा लक्ष्य तय किया है, जिसे हासिल करने के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
इस सफलता के पीछे ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति और सख्त निगरानी को मुख्य कारण माना जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी मीनाक्षी टम्टा के अनुसार, अवैध शराब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, दुकानों की निगरानी और लाइसेंस व्यवस्था को मजबूत करने से यह संभव हो पाया।
अब नजरें टिकी हैं अगले बड़े लक्ष्य पर—क्या विभाग 342 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर पाएगा?