रुद्रपुर में डिवाइडर से टकराई एक लग्जरी कार में सवार स्पा और बार कारोबारी संजय शर्मा की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में बुधवार तड़के एक सड़क हादसे ने उस समय रहस्यमय मोड़ ले लिया, जब डिवाइडर से टकराई कार में सवार स्पा और बार कारोबारी की मौत हो गई। बता दे, हादसा मामूली दिखाई दे रहा था लेकिन कारोबारी के सीने पर मिले गहरे घाव ने मामले को संदेह के घेरे में ला दिया है।जानकारी के अनुसार किच्छा के आवास विकास क्षेत्र निवासी 56 साल के संजय शर्मा स्पा सेंटर और बार व्यवसाय से जुड़े थे। वही बुधवार सुबह वह अपनी लग्जरी कार से रुद्रपुर से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बालाजी द्वार के पास उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा हल्का क्षतिग्रस्त हुआ और एयरबैग भी खुल गया। वही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अवस्था में संजय शर्मा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को उनके सीने पर गहरा घाव मिला, जो सामान्य सड़क दुर्घटना से अलग प्रतीत हो रहा है। यही वजह है कि मामला अब केवल सड़क हादसे तक सीमित नहीं रह गया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार में एक महिला सहयोगी भी मौजूद थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने तक वह घटनास्थल पर नहीं मिली। वही महिला के अचानक गायब होने से भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। बता दे, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, उनका कहना है कि जब कार को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा और एयरबैग भी खुल गए थे, तो फिर सीने पर इतना गंभीर घाव कैसे आया। फ़िलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।