काशीपुर में बेटी को बचाने पहुंचे माता-पिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और हवाई फायरिंग का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घरेलू विवाद का एक मामला उस वक्त और गंभीर हो गया, जब बेटी को बचाने पहुंचे परिजनों ने फायरिंग का आरोप लगा दिया। दरअसल, उत्तराखंड, उधम सिंह नगर, काशीपुर के कुंडा क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के ससुराल वालों पर मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बता दें कि पीड़िता मनदीप कौर ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसके पति, देवर, सास और ससुर ने उसे कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की है। जानकारी मिलते ही पिता ने पहले 112 पर सूचना दी और फिर अपनी पत्नी के साथ बेटी के ससुराल पहुंच गए। साथ ही आरोप है कि जब वे मौके पर पहुंचे, तो पीड़िता के देवर ने घर की छत पर चढ़कर दो हवाई फायर किए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं परिजनों ने बड़ी मुश्किल से अपनी बेटी को पड़ोसियों के घर से बाहर निकाला। इसके अलावा पीड़िता के पिता का आरोप है कि बेटी के पति और ससुर ने उनके साथ आए लोगों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और अपशब्द कहे। जिसके बाद पीड़िता के पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।