जसपुर में वारंटी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी पक्ष ने हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने आरोपी को छुड़ाने के लिए मारपीट की और धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने की कोशिश की।
उधम सिंह नगर के जसपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वारंटी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। वही आरोपी को छुड़ाने के लिए परिजन लाठी-डंडों और धारदार हथियार लेकर पुलिसकर्मियों से भिड़ गए।
दरअसल, न्यायालय द्वारा आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले में आरोपी सुखविंदर सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। इसी वारंट की तामील के लिए पुलिस टीम 15 मई की रात जसपुर क्षेत्र स्थित आरोपी के घर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, उसने शोर मचाकर अपने परिजनों और आसपास के लोगों को बुला लिया। वही, आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर पुलिस टीम को घेर लिया और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पक्ष ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और एक आरोपी ने हथियार से जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिसकर्मी इस हमले में बाल-बाल बच गए। जिसके बाद कोतवाली जसपुर में कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिलो कौर और मनजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों को भी चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।