रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर टांडा जंगल के पास स्कूटी और स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है
उत्तराखंड से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताज़ा मामला रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग का है, जहां टांडा जंगल के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, स्कूटी और स्कॉर्पियो कार के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन और रामपुर, उत्तर प्रदेश निवासी 24 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। तीनों सिडकुल स्थित अशोका लीलैंड कंपनी में काम करते थे और एक शादी में शामिल होने के लिए हल्द्वानी जा रहे थे। बताते चले की इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पंतनगर थाना पुलिस और सिडकुल चौकी टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी तरफ ,स्कॉर्पियो कार भी इस हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार लोगों की जान एयरबैग खुलने के कारण बच गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। साथ ही टांडा जंगल मार्ग पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।