काशीपुर में STF ने एक स्विफ्ट कार से 4 हथियार और 237 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर, काशीपुर से सामने आई इस खबर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।दरअसल, स्पेशल टास्क फोर्स यानी STF ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से हथियारों और जिंदा कारतूसों का बड़ा ढेर बरामद किया है। बता दें कि STF को एक निजी पार्किंग में खड़ी स्विफ्ट कार में हथियार होने की गोपनीय सूचना मिली थी। जिसके बाद टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली।जानकारी के मुताबिक, निरीक्षक एमपी सिंह और अरुण कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान कार से चार हथियार बरामद किए गए। इनमें एक 12 बोर पंप एक्शन गन, एक .22 बोर राइफल, एक .32 बोर पिस्टल और एक .32 बोर रिवॉल्वर शामिल हैं। वहीं सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि वाहन से कुल 237 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां ये पता लगाने में जुट गई हैं कि आखिर ये हथियार किसके हैं और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था। साथ ही बरामद हथियारों से जुड़े दस्तावेजों और वाहन के वास्तविक उपयोगकर्ता की भी जांच की जा रही है वहीं अब जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं ये मामला किसी आपराधिक गिरोह, हथियार तस्करी नेटवर्क या अन्य अवैध गतिविधियों से तो जुड़ा नहीं है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच फिलहाल गोपनीय रखी गई है और अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं अब सभी की नजरें STF की जांच पर टिकी हैं, क्योंकि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।