सितारगंज में ARTO के अभियान के तहत ओवरलोड और बिना परमिट कई वाहनों को सीज किया गया, सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त चेतावनी जारी। तय मानकों के अनुसार ही वाहनों का संचालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी।
उधम सिंह नगर के सितारगंज में परिवहन विभाग एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जहां सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर ARTO ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान ओवरलोड और बिना परमिट सड़क पर दौड़ रहे करीब आधा दर्जन से अधिक वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। वही दूसरी ओर, इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया
साथ ही सीज वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से कृषि मंडी परिसर में खड़ा कराया गया है, जहां उन्हें परिवहन विभाग की निगरानी में रखा गया है। इस पूरे मामले में एआरटीओ नवीन सिंह ने बताया कि विभाग को लगातार ओवरलोडिंग और बिना परमिट वाहनों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही एआरटीओ ने वाहन स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे तय मानकों के अनुसार ही वाहनों का संचालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।