उत्तराखंड: चलती ट्रेन में 7 लाख की लूट, हवाई फायरिंग कर बदमाश फरार

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में चलती ट्रेन के अंदर दो कर्मचारियों से बंदूक की नोक पर 7 लाख रुपये लूट लिए गए। हमलावरों ने हवा में गोली चलाई और ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

उत्तराखंड: चलती ट्रेन में 7 लाख की लूट, हवाई फायरिंग कर बदमाश फरार
JJN News Adverties

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है, जहां चलती ट्रेन में दो कर्मचारियों से हथियारों के बल पर करीब 7 लाख रुपये लूट लिए गए। जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के सिंह कॉलोनी स्थित जपनीत ऑटो में कार्यरत रितिक मंडल और साहिब सिंह दिल्ली ऑटोमोबाइल का सामान खरीदने के लिए संपर्क क्रांति ट्रेन से रवाना हुए थे। दोनों के पास करीब 7 लाख रुपये नकद थे, जिन्हें उन्होंने सुरक्षा के लिए बेल्ट में बांधकर रखा हुआ था। 

बताया जा रहा है कि बदमाशों को पहले ही इस रकम की भनक लग गई थी। तीन संदिग्ध युवक भी उसी ट्रेन में सवार हुए और पूरे समय दोनों कर्मचारियों पर नजर बनाए रखी। जैसे ही ट्रेन यूपी के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची और उसकी रफ्तार धीमी हुई, बदमाशों ने दोनों को घेर लिया और तमंचा व पिस्टल तानकर उनसे 7 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ितों ने तुरंत मामले की सूचना अधिकारियों को दी।


घटना की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में कई व्यापारी रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वहीं RPF चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। बिलासपुर स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

JJN News Adverties
JJN News Adverties