नैनीताल प्रवास के दौरान राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मां नैना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर अरदास भी की।
नैनीताल में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का आध्यात्मिक स्वरूप देखने को मिला। जहां नैनीताल प्रवास के दौरान राज्यपाल ने सबसे पहले मां नैना देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश तथा देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
दरअसल, मंदिर परिसर में दर्शन करने के बाद राज्यपाल ने कहा कि मां नैना देवी के दरबार में आकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव होता है। साथ ही उन्होंने कहा कि जब भी वो नैनीताल आते हैं, यहां का धार्मिक वातावरण उन्हें नई सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक आनंद से भर देता है। इसके बाद वे गुरुद्वारा साहिब नैनीताल पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर अरदास की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन से व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
बता दे, राज्यपाल ने कहा कि नैनीताल झील के समीप स्थित गुरुद्वारा साहिब अपनी सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण के लिए विशेष पहचान रखता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों पर आने से मन को आत्मिक संतोष, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है, जो जीवन में नई शक्ति देने का काम करती है।