नैनीताल झील में नावों की मरम्मत के दौरान तेल और थिनर फैलने के बाद नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाया है। पालिका ने चेतावनी दी है कि झील किनारे मरम्मत करने पर नौका संचालकों के लाइसेंस रद्द किए जा सकते हैं।
नैनीताल में झील की सफाई और पर्यावरण को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां नौकाओं की मरम्मत के दौरान झील में तेल और थिनर फैलने का वीडियो वायरल होने के बाद नगर पालिका हरकत में आ गई है। वही मामले को गंभीरता से लेते हुए पालिका ने अब नौका संचालकों को सख्त चेतावनी जारी कर दी है।
दरअसल, पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले नौका संचालक अपनी नावों की मरम्मत और रंगरोगन का काम कर रहे हैं। इसी दौरान अपर माल रोड क्षेत्र में झील किनारे कुछ नौकाओं की मरम्मत की जा रही थी, जहां वानिश में मिलाया गया थिनर झील में जा गिरा और पानी में फैल गया। बता दे, झील में तेल जैसे पदार्थ के फैलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया। जिसके बाद नगर पालिका ने तत्काल कार्रवाई करते हुए झील किनारे मरम्मत करवाई जा रही नौकाओं को वहां से हटवा दिया। वही पालिका के अधिशासी अधिकारी ने नौका संचालकों को साफ चेतावनी दी है कि अब झील के आसपास किसी भी तरह की मरम्मत या रंगरोगन नहीं किया जाएगा। फिलहाल पालिका की सख्ती के बाद नौका संचालक अब झील से दूर नावों की मरम्मत और रंगरोगन का काम कर रहे हैं।