उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का असर दिखाया है। कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी , जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है।
उत्तराखंड में मौसम ने अचानक ऐसा यू-टर्न लिया है कि पहाड़ से मैदान तक हर कोई हैरान है। जी हाँ, पिछले 24 घंटों में कुमाऊं और गढ़वाल के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं ने दस्तक दी है। बता दे, कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली। वही मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार 3 मई को प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रहेगा। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर, चंपावत, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज वाले बादल विकसित होने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।