महाराष्ट्र की 73 वर्षीय ‘आजी’ ने केदारनाथ मंदिर तक 22 किमी की कठिन यात्रा पैदल पूरी कर सबको हैरान कर दिया। उम्र और मुश्किल रास्तों के बावजूद उनका जज्बा और आस्था लोगों के लिए बड़ी प्रेरणा बन गया है।
उत्तराखंड के पवित्र धाम केदारनाथ मंदिर से एक ऐसी ख़बर सामने आई है, जो हौसले और आस्था की नई मिसाल बन गई है। दरअसल, महाराष्ट्र की 73 साल की एक बुजुर्ग महिला, जिन्हें लोग प्यार से ‘आजी’ कह रहे हैं, उन्होंने वो कर दिखाया… जो आज के युवा भी सोचकर रुक जाते हैं। बता दे, करीब 22 किलोमीटर लंबा, ऊबड़-खाबड़ और 11,500 फीट की ऊंचाई वाला ये कठिन रास्ता, जहां ऑक्सीजन कम, ठंड ज्यादा और हर कदम चुनौती भरा होता है, वहां इस आजी ने बिना किसी सहारे के पैदल यात्रा पूरी कर ली।
जहां अक्सर लोग घोड़े, पालकी या हेलीकॉप्टर का उपयोग करते हैं, वहीं इस दादी ने केवल अपने मजबूत इरादे और विश्वास के दम पर यह चुनौती पार की। यात्रा के दौरान वे हर-हर महादेव और जय शिवाजी, जय भवानी के नारे लगाती रहीं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी हिम्मत को सलाम कर रहे हैं। जिसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ये वीडियो हर किसी के चेहरे पर मुस्कराहट ला रहा है।