उत्तराखण्ड में मौसम फिर करवट लेने वाला है। कई जिलों में तेज बारिश, आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
उत्तराखण्ड में तेज गर्मी से परेशान लोगों के लिए अब राहत की खबर सामने आ रही है। दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने आने वाले दिनों के लिए नया मौसम अपडेट जारी किया है। इसके अनुसार, राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है और बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं, गर्जन, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
सबसे पहले 28 मई की बात करें तो उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं, जो बढ़कर 60 किलोमीटर तक भी पहुंच सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और ओलावृष्टि के भी आसार हैं।
वहीं 29 मई को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इस दिन उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा 30 और 31 मई को येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, बेवजह यात्रा से बचें और सुरक्षित जगहों पर ही रहें।