चोरी के गहने पहनकर बनाई रील मालकिन ने देखा और खुल गई पोल

देहरादून में एक साल पुरानी गहनों की चोरी का खुलासा सोशल मीडिया से हुआ। पूर्व नौकरानी कथित तौर पर चोरी के गहने पहनकर रील बनाती नजर आई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।

चोरी के गहने पहनकर बनाई रील मालकिन ने देखा और खुल गई पोल
JJN News Adverties

देहरादून में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक साल पहले हुई गहनों की चोरी का खुलासा पुलिस की जांच से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर बनाई गई एक इंस्टाग्राम रील से हुआ। जानकारी के मुताबिक, IT पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन्स निवासी नितीशा वत्स करीब एक साल पहले जाखन के दून रिपब्लिक अपार्टमेंट में रहती थीं। उसी दौरान उनके घर से डायमंड की दो अंगूठियां, सोने की एक चेन और एक डायमंड हार्ट पेंडेंट गायब हो गए थे।


उस समय नितीशा को अपनी घरेलू सहायिका विमला देवी पर शक हुआ था। हालांकि, विमला ने पूरे आत्मविश्वास के साथ पुलिस के पास चलने की बात कही, जिसके बाद मालकिन को लगा कि शायद उन्होंने ही गहने कहीं रखकर भूल गई हों। धीरे-धीरे मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लेकिन करीब एक साल बाद इस मामले में बड़ा मोड़ तब आया, जब नितीशा ने अपनी पूर्व नौकरानी के व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील में वही गहने देख लिए। साथ ही रील में विमला चोरी के आभूषण पहनकर उन्हें फ्लॉन्ट करती नजर आई।


इसके बाद नितीशा ने गहनों के पुराने बिल, रील के स्क्रीनशॉट और वीडियो सबूत जुटाए और राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषण बरामद किए जाएंगे।

JJN News Adverties