लालकुआं रेलवे स्टेशन के पास टैक्सी स्टैंड पर खड़ी कार में चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
लालकुआं रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब टैक्सी स्टैंड पर खड़ी एक कार में चालक का शव मिला। वही घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बागेश्वर नंबर की टैक्सी सुबह से काफी देर तक स्टेशन परिसर में खड़ी थी। वही आसपास मौजूद लोगों को जब कार के भीतर कोई हलचल दिखाई नहीं दी तो उन्होंने पास जाकर देखा। जहां चालक सीट पर एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बता दे, सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस सेवा और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। जहां चिकित्सकों ने मौके पर जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 42 साल के मदन राम निवासी बागेश्वर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रहकर टैक्सी चलाता था। बताया गया है कि मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। घटना के बाद टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में टैक्सी चालक और स्थानीय लोग जमा हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। बहराल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।