राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 13 जून को देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस बार की परेड में बड़ी संख्या में महिला कैडेट्स हिस्सा लेंगी ।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक खास और गौरवपूर्ण क्षण का गवाह बनने जा रही है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंडियन मिलिट्री एकेडमी यानी IMA की पासिंग आउट परेड में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंचेंगी। 13 जून को आयोजित होने वाली इस परेड में वे बतौर मुख्य अतिथि कैडेट्स की सलामी लेंगी।
इस बार की परेड कई मायनों में विशेष है, क्योंकि बड़ी संख्या में महिला कैडेट्स भी आर्मी ऑफिसर बनने जा रही हैं। इतना ही नहीं, कुछ महिला कैडेट्स परेड को लीड करती भी नजर आएंगी, जो देश में बदलते सैन्य परिदृश्य और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है और पूरे कार्यक्रम क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित कर दिया गया है। इस दौरान किसी भी प्रकार के निजी या व्यावसायिक ड्रोन के उड़ान भरने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वहीं, 12 जून को राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर देहरादून में ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है, ताकि आम लोगों को असुविधा न हो। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल को विशेष ब्रीफिंग दी गई है। साथ ही शहर के होटल, लॉज, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। कुल मिलाकर, देहरादून इस ऐतिहासिक और गर्व के पल के लिए पूरी तरह तैयार है।