हरिद्वार के राजाजी नेशनल पार्क में मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पैसे के लालच में बाबा की पत्थरों से हत्या कर दी थी।
हरिद्वार से सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां राजाजी नेशनल पार्क में मिले लावारिस शव के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा कर दिया है। दरअसल, 14 अप्रैल को वन विभाग के कर्मचारियों ने राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में एक व्यक्ति को घायल अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी की पुलिस टीम ने गंगा घाटों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों पर जांच की। बता दे , जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते, जिससे पुलिस के सामने चुनौती और बढ़ गई।इसी बीच पुलिस को हिल बाईपास फ्लाईओवर के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
वही आरोपियों ने बताया कि 13 अप्रैल की रात वे शराब और गांजे के नशे में थे। अगले दिन उन्होंने एक बाबा से बीड़ी मांगी। बाबा के पास पैसे देखकर उनका लालच बढ़ गया। पैसे मांगने पर बाबा ने मना किया, जिससे गुस्से और लालच में आकर दोनों ने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर पत्थरों से मर कर हत्या कर दी और पैसे लेकर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।