देहरादून के एक प्राइवेट स्कूल में छात्रों के तिलक हटवाने के आरोप के बाद विवाद बढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
देहरादून के सेवलाकलां इलाके से एक विवादित मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट स्कूल में छात्रों के तिलक लगाकर आने को लेकर बवाल खड़ा हो गया। दरअसल, आरोप है कि स्कूल के कुछ शिक्षकों ने बच्चों के माथे से तिलक मिटवा दिया, जिसके बाद मामला तेजी से बढ़ गया।
जैसे ही इस घटना की जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली, वैसे ही वे स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई और इसे सनातन परंपरा का अपमान बताया। बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार की है, और वहीं इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, अभी तक इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद मामला और ज्यादा गरमा गया है।
उधर, बजरंग दल के पदाधिकारियों का कहना है कि तिलक भारतीय संस्कृति का प्रतीक है, और ऐसे में इसे हटवाना गलत है। साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।