उत्तराखंड में 8 से 11 जून तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 12 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 13 और 14 जून को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी
उत्तराखंड में इन दिनों तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। लेकिन अब मौसम को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। बता दे, मौसम विभाग ने 8 से 14 जून तक का साप्ताहिक पूर्वानुमान जारी कर दिया है, जिसके मुताबिक सप्ताह के शुरुआती दिन भले ही शुष्क रहेंगे, लेकिन 12 जून के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ।
वही भारत मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार 8 जून से 11 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जैसे पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं 12 जून से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी जिलों में भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है और 13 -14 जून को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। अगर तापमान की बात करें तो हरिद्वार में पारा करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। देहरादून में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि पंतनगर में तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन सप्ताह के मध्य से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ मौसम सुहावना हो सकता है।