हल्द्वानी में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मेडिकल स्टोर संचालकों ने प्रदर्शन किया। दवा व्यापारियों ने फर्जी e-Prescription, बिना पर्ची दवा बिक्री और भारी छूट नीति पर रोक लगाने की मांग उठाई।
हल्द्वानी में ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ दवा व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। इसी बीच Association of Chemists and Druggists के आह्वान पर शहर की कई मेडिकल दुकानें बंद रहीं और व्यापारियों ने SDM कोर्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
बता दे, व्यापारियों का कहना है कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना पर्ची के दवाएं बेच रहे हैं, जिससे लोगों की सेहत को खतरा हो सकता है। इसके साथ ही फर्जी e-Prescription और भारी छूट देने का भी विरोध किया गया।
साथ ही दवा व्यापारियों ने कहा कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट में ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर कोई साफ नियम नहीं हैं। इसके बावजूद कई कंपनियां लंबे समय से ऑनलाइन दवाएं बेच रही हैं। व्यापारियों ने सरकार से मांग की है कि बिना जांची हुई e-Prescription पर दवा बिक्री और होम डिलीवरी पर तुरंत रोक लगाई जाए। साथ ही ऑनलाइन कंपनियों द्वारा ज्यादा छूट देकर बाजार खराब करने पर भी कार्रवाई की मांग की गई।
दवा व्यापारियों का कहना है कि कोविड के समय भी उन्होंने लोगों तक लगातार दवाएं पहुंचाईं। अब सरकार को मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम बनाने चाहिए।