कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन का शिकंजा,  5 संस्थान किए गए सील

हल्द्वानी में बिना फायर NOC संचालित हो रहे कोचिंग सेंटरों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच संस्थानों को सील कर दिया।

कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन का शिकंजा,  5 संस्थान किए गए सील
JJN News Adverties

शहर में बिना फायर एनओसी के संचालित हो रहे कोचिंग सेंटरों पर जिला प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। शनिवार को प्रशासन और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच कोचिंग सेंटरों को सील किया गया, जबकि एक संस्थान को कमियां दूर करने के लिए तीन दिन का नोटिस दिया गया। शहर में नियमों के विपरीत संचालित हो रहे कोचिंग सेंटरों के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है।

इसी क्रम में शनिवार को प्रशासन और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने मुखानी, पनचक्की रोड और दुर्गा सिटी क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान जिन कोचिंग संस्थानों के पास अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी फायर एनओसी नहीं मिली, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके तहत मुखानी स्थित विजन फ्यूचर, कुमाऊं डिफेंस, पाई स्क्वायर, पनचक्की रोड स्थित विजन फ्यूचर और लालडांठ स्थित कृष्णा आईएएस एंड डिफेंस अकादमी को सील कर दिया गया। वहीं, लोहरियासाल स्थित अनएकेडमी के पास वैध फायर एनओसी मिलने पर उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

उधर, दुर्गा सिटी स्थित कल्पवृक्ष इंस्टीट्यूट के पास फायर एनओसी तो मिली, लेकिन अन्य कमियां पाए जाने पर संस्थान को उन्हें दूर करने के लिए तीन दिन का नोटिस जारी किया गया। दरअसल, हाल ही में लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुई आग की घटना के बाद प्रशासन छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। यही वजह है कि शहर के सभी कोचिंग संस्थानों की जांच की जा रही है।

प्रशासन ने साफ किया है कि बिना सुरक्षा मानकों और आवश्यक अनुमति के संचालित संस्थानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, सभी कोचिंग संचालकों से समय रहते सुरक्षा मानकों का पालन करने और जरूरी एनओसी प्राप्त करने की अपील भी की गई है।

JJN News Adverties