हल्द्वानी के हल्दूचौड़ क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची किशोरी के गर्भवती होने का खुलासा हुआ।
हल्द्वानी से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां अपनी बेटी को परिवार सामान्य पेट दर्द समझकर अस्पताल लेकर पहुंचा था, लेकिन वहां डॉक्टरों ने ऐसी जानकारी दी कि परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
दरअसल, मामला लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ का है। जानकारी के मुताबिक किशोरी अपनी तीन बहनों और पिता के साथ रहती है। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। बीते दिनों अचानक नाबालिग़ के पेट में तेज दर्द उठा, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे।
वही डॉक्टरों ने बताया कि 16 साल की नाबालिग किशोरी गर्भवती है। इसके बाद अस्पताल में तत्काल प्रसव कराया गया और किशोरी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। फिलहाल मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। वही बच्चे के जन्म के बाद जब मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं तो एक और हैरान करने वाली बात सामने आई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग किशोर ने किशोरी का यौन शोषण किया था, जिसके बाद वो गर्भवती हो गई लेकिन डर, शर्म और बदनामी के कारण किशोरी ने ये बात अपने परिवार को कभी नहीं बताई।
फ़िलहाल मामला सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़िता और आरोपी दोनों ही नाबालिग हैं। परिजनों की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।