लालकुआं के मोटाहल्दू बाईपास पर आवारा जानवर को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा घुसी। हादसे में एमबीपीजी कॉलेज के प्रोफेसर समेत तीन लोग बाल-बाल बच गए।
लालकुआं के मोटाहल्दू बाईपास मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कार सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गए। बताया जा रहा है कि कार में हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज के एक प्रोफेसर समेत तीन लोग सवार थे, जो मोटाहल्दू से रामपुर रोड की ओर जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही कार बाईपास मार्ग पर आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक एक आवारा जानवर सड़क पर आ गया। जानवर को बचाने की कोशिश में चालक ने तुरंत गाड़ी मोड़ी, लेकिन इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए सीधे झाड़ियों में जा घुसी। हादसा इतना तेज था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और तीनों लोग बाल-बाल बच गए। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर बुलाया गया और काफी मशक्कत के बाद कार को झाड़ियों से बाहर निकाला गया। इस हादसे के बाद इलाके में कुछ देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर घूम रहे आवारा जानवरों को लेकर चिंता भी जताई है।