हरिद्वार में पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में एफएसएल रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया। आरोपी पर इलाज के बहाने पानी में ज़हरीला पदार्थ मिलाकर पत्नी की हत्या करने का आरोप है।
हरिद्वार में रिश्तों को झकझोर देने वाले एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। जिस महिला की मौत को पहले सामान्य मामला माना जा रहा था, उसकी एफएसएल रिपोर्ट ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। जांच में खुलासा हुआ कि महिला की मौत ज़हर देने से हुई थी। पुलिस के अनुसार 4 फरवरी 2026 को मृतका के भाई ने बहादराबाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसकी बहन के पति ने इलाज के बहाने पानी में ज़हरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और पोस्टमार्टम के बाद बिसरा जांच के लिए एफएसएल भेजा गया। जांच में FSL रिपोर्ट से यह पुष्टि हुई कि महिला की मौत ज़हरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर आरोपी पति की भूमिका स्पष्ट होने के बाद उसकी तलाश तेज की गई।
बता दे, पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर फरार होने की फिराक में है। इसके बाद बहादराबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शांतर्शाह क्षेत्र के पास से आरोपी अफजाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह पत्नी की बीमारी से परेशान था। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।