हल्द्वानी में मोबाइल और नकदी लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 2000 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई।
नैनीताल जिले की हल्द्वानी पुलिस ने भोटियापड़ाव क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर निवासी प्रदीप सिंह बोरा ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जून को दो युवकों ने उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उनका मोबाइल फोन तथा दो हजार रुपये लूट लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी निवासी राजपुरा और रवि रौतेला निवासी फूलचौड़, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी और घटना में प्रयुक्त होंडा सीबीआर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।