नैनीताल में रेंटल बाइकों के संचालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
नैनीताल में रेंटल बाइकों के संचालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों और पर्यटकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा। तो वही नैनीताल जिले में रेंटल बाइकों के संचालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा है कि उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कई स्थानों पर सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है, जिसके चलते प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ रही है। हाल ही में परिवहन विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में 70 से अधिक रेंटल बाइकों के चालान किए गए हैं। प्रशासन को शिकायतें मिली थीं कि कुछ लोग रेंटल बाइकों से स्टंटबाजी कर रहे हैं, जबकि कई पर्यटक वाहनों को गलत स्थानों पर पार्क कर यातायात व्यवस्था प्रभावित कर रहे हैं। इसके अलावा कुछ बाइक संचालक प्रतिबंधित क्षेत्रों में भी वाहनों का संचालन कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।