भीमताल में युवक पर पहचान छुपाकर युवतियों के शोषण के आरोप को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। व्यापारियों और संगठनों ने बाजार बंद कर प्रदर्शन किया और थाने का घेराव किया।
नैनीताल जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां भीमताल में एक युवक की गिरफ्तारी को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। आपको बता दे की सरोवर नगरी नैनीताल से करीब 22 किलोमीटर दूर भीमताल में स्थानीय व्यापारियों, हिंदू संगठनों और क्षेत्रीय लोगों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर जोरदार प्रदर्शन किया और थाने का घेराव किया। आरोप है कि एक युवक ने पहचान छुपाकर युवतियों का शारीरिक और मानसिक शोषण किया, जिसके विरोध में यह जनाक्रोश फूटा। बताते चले की प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। इस दौरान थाने में जनसभा भी आयोजित की गई, जहां लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में प्रदर्शन के बीच पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता भी हुई। पुलिस विभाग ने कार्रवाई के लिए कुछ समय मांगा और आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर रवाना कर दी गई हैं। इस प्रदर्शन में भाजपा नेता मनोज भट्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।