उत्तराखंड के घनसाली क्षेत्र के रहने वाले 21 साल के अग्निवीर रोहित सिंह ने जम्मू में ड्यूटी के देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दे दिया।
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां घनसाली क्षेत्र के रहने वाले 21 साल के अग्निवीर रोहित सिंह ने जम्मू में ड्यूटी के देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दे दिया। बता दे, रोहित ने हाल ही में अपनी सैन्य ट्रेनिंग पूरी की थी और देश सेवा के लिए जम्मू में तैनात थे। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार टिहरी गढ़वाल जनपद के घनसाली क्षेत्र के निवासी रोहित सिंह एक वर्ष पूर्व भारतीय सेना की 20 गढ़वाल राइफल में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे। वही प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हाल ही में उनकी तैनाती जम्मू में की गई थी। बताया जा रहा है कि 10 जून की सुबह रोहित सिंह को उनकी सर्विस रायफल से गोली लगी, जिसके बाद उनका निधन हो गया। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इस संबंध में सेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सेना ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भेज दिया। जैसे ही ये खबर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया। जानकारी के मुताबिक, रोहित सिंह के पिता सुरेंद्र सिंह विदेश में कार्यरत हैं, जबकि उनका छोटा भाई अभी कक्षा नौ में पढ़ता है। बेटे के निधन की खबर से परिवार गहरे सदमे में है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
बतया जा रहा की शुक्रवार को रोहित सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। साथ ही अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना है।