ऊधमसिंहनगर के नानकमत्ता में ऑस्ट्रेलिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 5.05 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड में विदेश भेजकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला ऊधमसिंहनगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र से सामने आया है, जहां ऑस्ट्रेलिया में नौकरी का सपना दिखाकर एक युवक से पांच लाख पांच हजार रुपये की कथित ठगी की गई है। बता दे, पीड़ित श्याम सिंह ने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों को शिकायत भेजकर आरोप लगाया है कि टुकड़ी गांव निवासी एक व्यक्ति ने उसके भाई गोविंदा सिंह को ऑस्ट्रेलिया भेजने और वहां नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले आठ लाख रुपये में सौदा तय किया गया और आरोपी ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति, निवास प्रमाणपत्र सहित सभी जरूरी दस्तावेज अपने पास ले लिए।
आरोप है कि अलग-अलग किस्तों में पांच लाख पांच हजार रुपये लेने के बाद आरोपी ने गोविंदा सिंह को मुंबई से पहले श्रीलंका, फिर मलेशिया भेजा। वही कुछ समय बाद उसे वापस बुला लिया गया और फिर थाईलैंड भेज दिया गया, जहां वह करीब डेढ़ महीने तक फंसा रहा। भारत लौटने पर पता चला कि उसे दिया गया वीजा फर्जी था।
पीड़ित का आरोप है कि जब रुपये और दस्तावेज वापस मांगे गए तो आरोपी ने धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।