NEET पेपर लीक विवाद के बीच NTA ने लाखों छात्रों को बड़ी राहत देते हुए NEET-UG 2026 परीक्षा की नई तारीख 21 जून घोषित कर दी है।मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन और CBI जांच लगातार तेज होती जा रही।
देशभर में चर्चा का विषय बने NEET पेपर लीक मामले के बीच अब लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है, जहां नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने NEET-UG 2026 परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया है।
बता दे, अब ये परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। दरअसल, पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद लगातार नई तारीख को लेकर इंतजार किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर इस मामले को लेकर हाईलेवल बैठक हुई, जिसमें दोबारा परीक्षा कराने को लेकर मंथन किया गया।
वही बैठक में शिक्षा मंत्रालय और NTA के कई बड़े अधिकारी शामिल रहे। जिनमें हायर एजुकेशन सेक्रेटरी विनीत जोशी, स्कूल एजुकेशन सेक्रेटरी संजय कुमार, NTA डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह और CBSE चेयरपर्सन राहुल सिंह भी मौजूद रहे। दूसरी तरफ NEET पेपर लीक को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन भी तेज हो गए हैं। इसी बीच अहमदाबाद में NSUI कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री को काले झंडे दिखाए और उनके काफिले को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
इधर CBI भी मामले की जांच में तेजी से जुटी हुई है। जिसमे अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 5 आरोपियों को 7 दिन की कस्टडी में भेज दिया है। फिलहाल NEET पेपर लीक मामला देशभर में राजनीतिक और शैक्षणिक बहस का बड़ा मुद्दा बना हुआ है।