15 इंटर कॉलेज, लेकिन एक भी डिग्री कॉलेज नहीं, भविष्य के लिए बड़ी पहल

डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर सीमांत क्षेत्र के विद्यार्थियों की सुविधा और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जल्द कॉलेज स्वीकृत करने का अनुरोध किया है।

15 इंटर कॉलेज, लेकिन एक भी डिग्री कॉलेज नहीं, भविष्य के लिए बड़ी पहल
JJN News Adverties

उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज का सफर तय कर रहे छात्रों के लिए जल्द राहत की उम्मीद जग सकती है। दरअसल, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल ने पिथौरागढ़ जिले के विकासखंड मूनाकोट यानी पीपलकोट में महाविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजा है। बता दें कि विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि विकासखंड मूनाकोट में आज तक कोई महाविद्यालय स्वीकृत नहीं हुआ है, जबकि ये क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा हुआ एक महत्वपूर्ण इलाका है।जानकारी के मुताबिक, इस क्षेत्र के करीब 15 राजकीय इंटर कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए मूनाकोट एक केंद्रीय स्थान माना जाता है और लंबे समय से यहां कॉलेज खोलने की मांग उठती रही है।


वहीं विधायक चुफाल ने बताया कि महाविद्यालय में पढ़ाई शुरू करने के लिए पर्याप्त कमरे उपलब्ध हैं और स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। ऐसे में कॉलेज की स्थापना में किसी बड़ी बाधा की संभावना नहीं है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि क्षेत्र की जनता की भावनाओं और छात्रों के भविष्य को देखते हुए जल्द महाविद्यालय को स्वीकृति प्रदान की जाए।


उनका कहना है कि कॉलेज खुलने से सीमांत क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा इससे क्षेत्र में शिक्षा के विकास को भी नई दिशा मिलेगी और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर मिल सकेंगे। वहीं अब क्षेत्रीय जनता भी इस मांग के समर्थन में सामने आई है और सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जता रही है।

JJN News Adverties
JJN News Adverties