यूट्यूब फिर से डायरेक्ट मैसेजिंग फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। 2019 में बंद हुए इस फीचर को फिलहाल सीमित यूजर्स के बीच नए रूप में आजमाया जा रहा है।
Yotube Direct Message: दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफॉर्म्स में से एक YouTube एक बार फिर अपने प्लेटफॉर्म पर डायरेक्ट मैसेजिंग (DM) फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ चुनिंदा यूजर्स को एप में नया मैसेजिंग इंटरफेस दिखाई दिया है, जिसके जरिए वे सीधे दूसरे यूजर्स को मैसेज भेज सकते हैं और वीडियो भी शेयर कर सकते हैं। फिलहाल यह फीचर सीमित स्तर पर टेस्ट किया जा रहा है और अभी सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है।
दरअसल, YouTube ने पहले भी अपने प्लेटफॉर्म पर मैसेजिंग फीचर उपलब्ध कराया था। इस फीचर की मदद से यूजर्स निजी तौर पर वीडियो शेयर कर सकते थे और छोटे मैसेज भी भेज सकते थे।
हालांकि साल 2019 में कंपनी ने इसे बंद कर दिया था। उस समय कंपनी का कहना था कि ज्यादातर लोग वीडियो शेयर करने और बातचीत के लिए दूसरे मैसेजिंग एप्स का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे इस फीचर का इस्तेमाल काफी कम हो गया था।
नई रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार YouTube एक अपडेटेड और ज्यादा बेहतर मैसेजिंग सिस्टम की टेस्टिंग कर रहा है। इसके जरिए यूजर्स एप के भीतर ही अपने दोस्तों को वीडियो भेज सकेंगे और चैट भी कर सकेंगे। यानी वीडियो शेयर करने के लिए किसी दूसरे ऐप पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह फीचर यूजर्स को वीडियो पर चर्चा करने, सुझाव साझा करने और कंटेंट देखते समय दोस्तों से सीधे बातचीत करने की सुविधा दे सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फीचर फिलहाल केवल कुछ चुनिंदा यूजर्स के साथ टेस्ट किया जा रहा है। इसका मकसद यह समझना है कि लोग इस टूल का किस तरह इस्तेमाल करते हैं और क्या इससे प्लेटफॉर्म पर यूजर एंगेजमेंट बढ़ता है।
सोशल मीडिया इंडस्ट्री में इस समय प्राइवेट मैसेजिंग और कंटेंट शेयरिंग पर खास जोर दिया जा रहा है। जब यूजर्स एप के अंदर ही दोस्तों के साथ कंटेंट साझा करते हैं, तो वे प्लेटफॉर्म पर ज्यादा समय बिताते हैं। यही वजह है कि YouTube भी इस फीचर को फिर से शुरू करने पर विचार कर रहा है।
हालांकि अभी कंपनी की ओर से इस फीचर के वैश्विक लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अगर यह फीचर पूरी तरह लॉन्च होता है, तो यूजर्स को एप के भीतर ही चैट और वीडियो शेयरिंग का नया विकल्प मिल सकता है।