100 मीटर गहरी खाई बनी काल ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे में 2 की मौत

अल्मोड़ा में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किए।

100 मीटर गहरी खाई बनी काल ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे में 2 की मौत
JJN News Adverties

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा शुक्रवार दोपहर सुंदरपुर के पास ग्राम गधोली क्षेत्र में हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बागेश्वर की ओर जा रही थी। तभी कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर सुंदरपुर के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। निरीक्षक राजेश जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एसडीआरएफ के जवान गहरी खाई में उतरे और राहत कार्य शुरू किया।
इसके बाद रेस्क्यू टीम को दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास दो युवकों के शव मिले। मृतकों की पहचान नेपाल के कैलाली निवासी 26 वर्षीय चत्ते राजी और उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के अजीतपुर निवासी 22 वर्षीय उमेश के रूप में हुई है।
काफी मेहनत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया और मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया। बाद में शवों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

JJN News Adverties
JJN News Adverties