उत्तराखंड के अल्मोड़ा में देघाट क्षेत्र के ग्राम चिन्तोली में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो युवकों की मौत और दो गंभीर रूप से घायल। पुलिस जांच में जुटी, पूरे क्षेत्र में शोक।
ALMORA NEWS-: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। देघाट क्षेत्र के ग्राम चिन्तोली में रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दर्शन सिंह और चन्दन सिंह को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल गोपाल सिंह और नरेन्द्र सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।