अल्मोड़ा के लमगड़ा क्षेत्र में अल्टो कार गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पिता-पुत्र भी शिकार हुए, जिनमें पिता की मौके पर मौत हो गई।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आपको बता दे हादसा चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया गांव के पास हुआ, जहां एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
इसके बाद हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत-बचाव दल और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक दुर्घटना में राजेंद्र सिंह बेलवाल, जगदीश सिंह, लछम सिंह और पान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सचिन बेलवाल और गोपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया है।
इतना ही नहीं हादसे का सबसे भावुक पहलू ये रहा कि कार में सवार पिता-पुत्र भी दुर्घटना का शिकार हुए। बता दे पिता की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।