उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, इसी कड़ी में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अल्मोड़ा स्थित जिला आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया....
उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। ऐसे में प्रशासन भी किसी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है। इसी कड़ी में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अल्मोड़ा स्थित जिला आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
वही निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ये देखा कि आपदा से जुड़ी सूचनाएं किस तरह प्राप्त की जा रही हैं, उनका रिकॉर्ड कैसे रखा जा रहा है और संबंधित विभागों तक जानकारी कितनी तेजी से पहुंचाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून के दौरान जिला आपदा परिचालन केंद्र 24 घंटे पूरी तरह अलर्ट मोड में काम करे।
साथ ही दीपक रावत ने कहा कि किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही बिना देरी के राहत और बचाव कार्य शुरू होना चाहिए, ताकि जनहानि और नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, सूचनाओं के सही अभिलेखीकरण और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी विशेष जोर दिया।
इस दौरान आयुक्त ने आपदा परिचालन केंद्र में बन रहे नए बैठक कक्ष का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को तय मानकों के अनुसार जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये सुविधा भविष्य में आपदा प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और मजबूत बनाएगी।
वही निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि मानसून के पूरे सीजन में हालात पर लगातार नजर रखी जाएगी ।