मानसून के दौरान सड़क हादसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग अलर्ट मोड में है।
मानसून सीजन को देखते हुए परिवहन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। दरअसल सल्ट विकासखंड के मरचूला, मोहान, चिमटा सहित विभिन्न क्षेत्रों में ARTO पंकज श्रीवास्तव ने वाहन चालकों और वाहन स्वामियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया।
ऐसे में ARTO ने कहा कि बरसात के मौसम में पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में ओवरलोडिंग और लापरवाही दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक करना भी है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न करें और सड़क किनारे कच्चे शोल्डर पर वाहन खड़ा करने से बचें, क्योंकि बारिश के दौरान वहां जमीन धंसने का खतरा बना रहता है।
ऐसे में एआरटीओ ने ये भी कहा कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन धीमी गति से चलाएं, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और परिवहन विभाग द्वारा जारी सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।