गोपेश्वर में जंगलों की आग अब धीरे-धीरे रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगी है, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया.....
गोपेश्वर में जंगलों की आग अब धीरे-धीरे रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगी है, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया है। ताजा मामला नर्सिंग कॉलेज इलाके का है, जहां जंगल में लगी आग तेज हवाओं की वजह से अचानक सड़क किनारे खड़े वाहनों तक पहुंच गई और देखते ही देखते एक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
दरअसल, चमोली जिले में पिछले कुछ दिनों से वनाग्नि की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जिला मुख्यालय से लेकर दूर-दराज के इलाकों तक जंगल धधक रहे हैं और मंगलवार शाम को गोपेश्वर के नर्सिंग कॉलेज के पास भी आग भड़क उठी, जो तेजी से आबादी की तरफ फैलने लगी।
इसी बीच तेज हवाओं और सूखे मौसम ने स्थिति को और खराब कर दिया, जिससे आग पर काबू पाना प्रशासन और वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। लोगों का कहना है कि अब आग सिर्फ जंगल तक सीमित नहीं रही, बल्कि जान-माल के लिए भी खतरा बन चुकी है।
हालांकि शाम के समय मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद जंगलों में फैली आग धीरे-धीरे कम होने लगी। बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली और मौसम बदलने से गर्मी से भी थोड़ी राहत मिली है।