चमोली। जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है....
चमोली। जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ट्रक के नीचे फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गोपेश्वर निवासी मुकेश नेगी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे से पहले ट्रक चालक रास्ते में खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए भाग रहा था। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने बैरिकेड्स तोड़ दिए और आगे जाकर बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार खनन वाहनों पर सख्त नियंत्रण तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।