चमोली के नारायणबगड़ PHC में जर्जर दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी गंभीर घायल। मरम्मत के दौरान हुआ हादसा, लोगों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, हालत नाजुक।
चमोली जिले से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां एक सरकारी अस्पताल की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और उसकी चपेट में आकर अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए। वही ये हादसा नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय हुआ, जब चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी अस्पताल परिसर में चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। बताया जा रहा है कि 25 जून को हुई भारी बारिश के बाद अस्पताल की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसी की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान पहले से कमजोर हो चुकी दीवार अचानक ढह गई और डॉ. डिमरी मलबे में दब गए।
वही हादसे के तुरंत बाद अस्पताल के कर्मचारियों, स्थानीय व्यापारियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है। बतादे की घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने सरकारी अस्पतालों की जर्जर इमारतों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।