चमोली की कल्प घाटी में भारी बारिश के बाद भूस्खलन से सड़क बंद हो गई। कल्पेश्वर धाम और कई गांवों का संपर्क टूट गया, ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चमोली जिले की कल्प घाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित हो गया है। दरअसल सलना गांव के पास भूस्खलन से हेलंग-उर्गम-कल्पेश्वर मोटर मार्ग पर भारी मलबा और बोल्डर आ गए, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई।
इतना ही नहीं मार्ग बंद होने से पंचम केदार भगवान कल्पेश्वर धाम और कल्प घाटी के दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। साथ ही स्थानीय लोगों को जरूरी सामान, स्वास्थ्य सेवाओं और आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण जान जोखिम में डालकर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र को पैदल पार करने को मजबूर हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मलबा हटाकर सड़क बहाल करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सामान्य आवागमन फिर से शुरू हो सके।