चारधाम यात्रा मार्ग पर नियमों की अनदेखी और रसूख दिखाने की कोशिश एक बार फिर पुलिस की सख्त कार्रवाई के आगे बेअसर साबित हुई है....
चारधाम यात्रा मार्ग पर नियमों की अनदेखी और रसूख दिखाने की कोशिश एक बार फिर पुलिस की सख्त कार्रवाई के आगे बेअसर साबित हुई है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून सभी के लिए बराबर है, चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
मामला चमोली जिले का है, जहां यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुजरात नंबर की एक लग्जरी कार को रोका गया, जिसके आगे “विधायक” लिखा बोर्ड लगा हुआ था। जांच में यह भी सामने आया कि वाहन की खिड़कियों पर काली फिल्म चढ़ाई गई थी, जो नियमों के खिलाफ है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चला रहे युवक ने अपने पिता के विधायक होने का रौब दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी और नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रखी। मौके पर ही वाहन से “विधायक” का बोर्ड हटवाया गया और काली फिल्म भी उतरवाई गई।
इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही थमा दिया। चमोली पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है और इसे कानून के सख्त पालन का उदाहरण माना जा रहा है।