उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी से तापमान में गिरावट। पश्चिमी विक्षोभ के चलते येलो अलर्ट जारी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह।
उत्तराखंड से मौसम को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। अप्रैल के आखिर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां कुछ दिन पहले तक लोग तेज गर्मी से परेशान थे, वहीं अब बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड वापस लौट आई है। देहरादून समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिली है। इस बदलाव के पीछे मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ को वजह बताया है। इसके कारण तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। तो वही मौसम विभाग के अनुसार, यह राहत अभी कुछ दिन और बनी रह सकती है। मई के पहले हफ्ते तक प्रदेश में मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। अगले 3 से 4 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
साथ ही विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित रहें और खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। फिलहाल उत्तराखंड में गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है।