चम्पावत में रीठा साहिब के दर्शन के लिए जा रहे नानकमत्ता निवासी 32 वर्षीय युवक लखविंदर सिंह की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई।पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला।
उत्तराखंड के चम्पावत जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां एक युवक की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शनिवार शाम ललुवापानी-बनलेख रोड पर किसकोट और पल्सों के बीच स्थित ओपन जिम के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 32 साल के लखविंदर सिंह, पुत्र तारा सिंह, निवासी नानकमत्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लखविंदर सिंह अपने एक साथी के साथ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रीठा साहिब के दर्शन के लिए जा रहा था। यात्रा के दौरान वह पल्सों के पास ओपन जिम के सामने सड़क किनारे बने पैराफिट पर बैठकर कुछ देर आराम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय युवाओं की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चम्पावत मोर्चरी भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सतर्कता की आवश्यकता को उजागर करता है।