चंपावत डीएम मनीष कुमार ने बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल, साफ-सफाई, दवाओं और ICU व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
चंपावत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए डीएम ने खुद अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत की और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने अस्पताल परिसर में पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा और साफ-सफाई की स्थिति को ध्यान से देखा। उन्होंने जन औषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही शौचालयों की साफ-सफाई पर खास ध्यान दिया गया। वही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अस्पताल में स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जाए ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो। तो वही डीएम मनीष कुमार ने आईसीयू वार्ड का भी दौरा किया, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों की स्थिति जानी। उन्होंने वार्ड में लगे एसी, साफ-सफाई और मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि सभी एसी की समय-समय पर सर्विसिंग कराई जाए, ताकि गर्मी में मरीजों को राहत मिल सके। अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए। किसी भी मरीज को असुविधा नहीं होनी चाहिए, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।