चम्पावत में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, प्रशासन ने छापेमारी कर उपखनिज के अवैध भंडार नष्ट किए और कच्चे रास्ते ध्वस्त किए। भविष्य में सख्ती और बढ़ने के संकेत।
उत्तराखंड के चम्पावत में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन का सख्त एक्शन देखने को मिला है। दरअसल ,दियूरी इलाके में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध खनन और भंडारण पर शिकंजा कसते हुए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
वही जांच के दौरान टीम को करीब 8 से 10 स्थानों पर उपखनिज, जैसे रेता आदि, के अवैध रूप से जमा किए गए ढेर मिले। हालांकि मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
वही प्राथमिक जांच में साफ हुआ कि ये भंडारण बिना वैध अनुमति के किया गया था, जो खनन नियमों का सीधा उल्लंघन है। इसके बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से मौके पर ही पूरे उपखनिज को नष्ट कर दिया, ताकि उसका किसी भी तरह उपयोग या परिवहन न हो सके।
सिर्फ यही नहीं, अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे कच्चे रास्तों को भी ध्वस्त कर दिया गया, जिससे भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
बहराल, अवैध खनन पर अब प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है, और आने वाले दिनों में इस तरह की सख्त कार्रवाई और तेज होने के संकेत हैं।